बढ़नी ब्लाक के तुलसियापुर चौराहे पर हर घर तिरंगा’’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा में जमीन पर बैठक
- विधायक विनय वर्मा के नेतृत्व में कठेला रोड से रेड़वरिया मोड़ तक निकली यात्रा
- स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने हाथों में तिरंगा लेकर लगाए देशभक्ति के नारे
तुलसियापुर। बढ़नी ब्लॉक के तुलसियापुर चौराहे पर शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विशाल तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के नेतृत्व में निकली पदयात्रा कठेला रोड से शुरू होकर रेड़वरिया मोड़ तक गई। यात्रा में क्षेत्रीय लोगों के साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
बड़ी संख्या में स्कूल के बच्चे और समाजसेवी हाथों में तिरंगा लेकर कदमताल करते हुए यात्रा में शामिल हुए। बच्चों ने रास्तेभर देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। पदयात्रा के दौरान विधायक विनय वर्मा ने लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर प्रत्येक नागरिक अपने घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराए और राष्ट्रीय पर्व को उत्साह के साथ मनाए। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।
यात्रा में प्रधान प्रतिनिधि गुलाम रसूल, राघवेंद्र मौर्य, सुनील चौधरी, अनुपम शुक्ल, आशाराम यादव, धनंजय पाठक, मौलाना शमसेर समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।