- डुमरियागंज क्षेत्र के परसा हुसैन की एक मस्जिद से बृहस्पतिवार देर रात पुलिस ले गई थाने
भनवापुर (सिद्धार्थनगर)। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के परसा हुसैन गांव में स्थित एक मस्जिद में बृहस्पतिवार की शाम को तीन संदिग्धों के पहुंचने की सूचना से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने पूछताछ में उन्हें जम्मू-कश्मीर का निवासी पाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। देर रात मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में उनके आधार कार्ड जम्मू-कश्मीर के पाए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी पूछताछ कर रहीं हैं।
जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार की शाम परसा हुसैन गांव में तीन संदिग्ध व्यक्तियों के आने की चर्चा तेजी से फैली। गांव के लोगों ने तीनों से पूछताछ की और आधार कार्ड देखा तो उस पर जम्मू-कश्मीर का पता दर्ज था। इसकी खबर पूरे गांव में तेजी से फैल गई। जब यह पता चला कि गांव के ही एक व्यक्ति ने अपना रिश्तेदार बताते हुए संरक्षण देकर उन्हें मस्जिद में शरण दिलवाई है तो किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को थाने ले गई। प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ जारी है। वहीं, एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने बताया कि जानकारी मिलने पर पूछताछ की गई। तीनों कश्मीर के पुंछ जिले के रहने वाले हैं और भीख मांगते घूमते रहते हैं।