ढेबरुआ। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के एनएच-730 पर सोमवार दोपहर करीब तीन बजे भीषण हादसे में रुदल (25) और अंकित पांडेय (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। सेवराडीह के पास तेज रफ्तार ट्रक की लापरवाही से कट मारने के दौरान ओवरटेक कर रहीं तीन मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। हादसे में दो युवकों को गंभीर चोटें आईं जबकि ट्रक चालक दुर्घटना के बाद ट्रक लेकर मौके से भागने में कामयाब हो गया।
जानकारी के मुताबिक, इटवा के पिपरी गांव निवासी रूदल (25) अपनी मोटरसाइकिल से बढ़नी की तरफ से घर लौट रहा था। दूसरी तरफ, बलरामपुर के पचपेड़वा थाना क्षेत्र के दो सगे भाई अंकित पांडेय (19) और रामकरन पांडेय (21) महथा बाजार से लौट रहे थे। इसी दौरान, बढ़नी की ओर जा रहे एक ट्रक काे ओवरटेक कर रहे थे कि अचानक ट्रक के कट मारने से तीनों बाइकों का नियंत्रण बिगड़ गया और वे टकरा गईं। हादसे में रुदल और 19 वर्षीय अंकित पांडेय बुरी तरह घायल हो गए। अंकित और रूदल दोनों को सिर में गहरी चोट (हेड इंजरी) लगी है। घायलों को तत्काल स्थानीय ई-रिक्शा चालक राजकुमार उर्फ स्वामीनाथ गुप्ता ने मानवता दिखाते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी पहुंचाया। ड्यूटी पर मौजूद डॉ. प्रदीप वर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद, दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि नेपाल सीमा मार्ग होने के कारण इस एनएच-730 पर शराब के नशे में धुत ट्रक चालक अक्सर लापरवाही से वाहन चलाते हैं। ग्रामीणों ने लापरवाह चालकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।