पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ क्षेत्र के चेतिया मार्ग पर शुक्रवार को बुढ़नईया मंदिर के पास तीन बाइक सवार आपस में टकरा गए। इस हादसे में बाइक सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पकड़ी चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल पर ले गए, जहां चारों की प्राथमिक उपचार हुआ। तीन की हालत गंभीर देख परिजन निजी वाहन से जिला मुख्यालय ले गए। वहीं एक बाइक सवार चोटिल होने की हालत में बाइक लेकर बभनी की तरफ भाग गया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र ग्राम नकाही के प्रधान डल्लू चौधरी का पुत्र पिंटू चौधरी( 20) बाइक पर मौसा के लड़के अंबर चौधरी(20) और सुबाष चौधरी (21) को बैठाकर शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। वह चेतिया मार्ग पर बुढ़नईया मंदिर के पास जैसे ही पहुंचा था कि बभनी बाजार जा रहे बाइक सवार द्वारिका यादव (25) शोहरतगढ़ ग्राम पिपरपतिया से टक्कर हो गई। इस हादसे में दाेनों बाइकों पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच शोहरतगढ़ से बभनी की तरफ जा रहा एक बाइक सवार भी नियंत्रण खो बैठा और दोनों बाइक सवारों से भिड़ गया और बाइक से छिटक कर दूर जा गिरा।