इटवा थाने के ग्राम चौखड़ा में चोरी के बाद बिखरा हुआ सामान।
- फोटो : संवाद
इटवा। इटवा थाने के ग्राम चौखड़ा में बृहस्पतिवार रात में चोरों ने पांच घरों पर धावा बोलकर नकदी और जेवरात ले उड़े। एक ही रात में पांच घर में चोरी की वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ितों के अनुसार उनका सोने चांदी के जेवरात और नकदी समेत लगभग छह लाख रुपये के सामान चोरी हुए हैं। सुबह उठने पर हुई जानकारी के बाद पीड़ित परिवारों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, चौखड़ा में मिष्ठान भंडार की दुकान चला रहे शिवकुमार उर्फ चिनमुन बृहस्पतिवार देर रात खा-पीकर सो गए। सुबह उठे तो देखा कि घर की अलमारी खुली हुई है और सारा सामान बिखरा हुआ है। महिलाओं से जानकारी करने पर पता चला कि जेवर और 12 हजार रुपये की नकदी गायब थे। गांव के ही अब्दुल आकिर के घर से जेवर और 35 हजार की नकदी अलमारी तोड़कर उठा ले गए। इसी तरह अब्दुल हई के घर से जेवर और मोहम्मद एहसान उर्फ राजू के घर से तीन जोड़ी पायल व 25 हजार रुपये नकदी चोर उठा ले गए। इसके बाद शिवपूजन के घर में चोर घुसे लेकिन शोर सुनकर घर वालों की नींद खुल गई।
इस संबंध में एसओ श्याम सुंदर तिवारी ने कहा कि तहरीर नहीं मिली है। जांच कर यथोचित कार्रवाई की जाएगी।