- डुमरियागंज नगर के रोडवेज बस स्टेशन मार्ग का मामला, पुलिस ने प्रथम दृष्टया चोरी को बताया संदिग्ध
डुमरियागंज। डुमरियागंज नगर के बस स्टेशन मार्ग पर स्थित एक मकान में मंगलवार की भोर में चोरों ने परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ सुंघाकर नकदी सहित कीमती जेवरात उड़ा लिए। चोरी की वारदात के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं, पुलिस ने मामले में तहरीर नहीं मिलने की बात कहते हुए वारदात को प्रथम दृष्टया संदिग्ध बताया है।
जानकारी के अनुसार, डुमरियागंज नगर के रोडवेज बस स्टेशन और थाना मार्ग पर स्थित जनरल स्टोर संचालक के घर को चोरों ने निशाना बनाया। घटना में चोर कीमती जेवरात और नगदी लेकर चंपत हो गए। खास बात यह रही कि घर का कोई दरवाजा टूटा नहीं और न ही किसी दीवार में सेंधमारी की गई। इससे लोगों में आशंका जताई जा रही है कि चोर पहले से घात लगाए हुए थे और पूरी योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार भोर में चोर घर में दाखिल हुए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि चोरों ने सबसे पहले एक लड़के की गर्दन पर चाकू रखकर उसकी मां से अलमारी की चाबी मांगी। डर के माहौल में पीड़िता ने चाबी उन्हें सौंप दी। इसके बाद चोरों ने बड़ी चालाकी से घर के सभी सदस्यों को कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरों के पास एक विशेष प्रकार की टॉर्च थी। जब उस टॉर्च की रोशनी धातु पर पड़ती तो बीप-बीप की आवाज आने लगती। आशंका जताई जा रही है कि चोर इसी टॉर्च की मदद से घर में रखे सोने-चांदी और कीमती सामान का पता लगा रहे थे। होश आने पर परिवार ने तत्काल आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी और इसके बाद पुलिस को सूचित किया। सूचना पर डुमरियागंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घर वालों से पूछताछ के साथ ही जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
डुमरियागंज थाने के प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामले में अभी तक तहरीर नहीं मिली है। प्रथम दृष्ट्या मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मामले में छानबीन की जा रही है।