उसका बाजार। क्षेत्र के करमा गांव में सोमवार की रात चोरों ने घर के पीछे की दीवार में सेंध काटकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी चोरी कर लिए। सुबह जब परिवार के लोग सोकर उठे तो घर का सामान बिखरा उन्हें मामले की जानकारी हुई।
खोजबीन करने पर पीछे मकान की पक्की दीवार टूटी मिली। सूचना मिलने पर उसका बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित राजकुमार के परिवार के लोग रोजाना की तरह रात में खाना खाकर सो गए थे। सुबह उठने पर उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा हुआ है। अंदर जाकर देखने पर बॉक्स गायब और सामान अस्त-व्यस्त मिला। खोजबीन में पता चला कि मकान के पीछे की ओर दीवार में सेंध काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। राजकुमार ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
प्रभारी निरीक्षक हरे कृष्ण उपाध्याय ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर गया था। जांच की जा रही है।