इटवा। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के मऊ नानकार गांव में मंगलवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। छत के रास्ते घर में घुसे चोर लाखों रुपये के जेवरात लेकर चंपत हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी छोटेलाल बीमारी के चलते अपनी पत्नी के साथ इलाज कराने मुंबई गए हुए हैं। घर पर उनका पुत्र अनीश अकेला था। वह मंगलवार की रात घर के सभी दरवाजे बंद कर बाहर बरामदे में सोया हुआ था। परिवार के लोगों का कहना है कि इसी दौरान रात में चोर घर के पीछे से छत पर चढ़ गए और सीढ़ी के रास्ते लगे चैनल का ताला तोड़कर आंगन में उतर आए।
इसके बाद चोरों ने कमरे के दरवाजों और बक्सों में लगे ताले तोड़ दिए और करीब ढाई किलो चांदी तथा लगभग 70 ग्राम सोने के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी की जानकारी अनीश को बुधवार सुबह नींद से जागने के बाद हुई, जब घर के अंदर सामान बिखरे मिले और ताले टूटे हुए थे।
इस संबंध में थानाध्यक्ष गोल्हौरा रामदेव ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।