भवानीगंज। भवानीगंज थाना क्षेत्र के देईपार निवासी युवक पिंटू पुरी (27) पुत्र शिवपुरी गांव में शनिवार को देईपार में आयोजित भंडारा में प्रसाद खाने गया था जो घर नहीं लौटा। रविवार को सुबह गांव के पोखरा के पास उसकी चप्पल को देख लोग डूबने की आशंका जता रहे हैं।
रविवार को सूचना पर पहुंची भवानीगंज पुलिस ने गोताखोर की मदद से पोखरे में तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। वहीं, पुलिस सोमवार को एसडीआरएफ की टीम बुलवाने की बात कही है।
भवानीगंज थाना क्षेत्र के देईपार गांव में चल रहे नौ दिवसीय श्रीश्री सूर्य महायज्ञ, श्रीराम कथा व श्रीरामलीला का समापन के अवसर पर शनिवार को भंडारे का आयोजन किया गया था। पिंटू पुरी (27) भंडारा में प्रसाद खाने की बात कहकर घर से निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह प्रसाद खाने के बाद घर के लिए गया मगर रविवार को सुबह तक वह घर नहीं पहुंचा तो 70 वर्षीय बुजुर्ग मां कृष्णावती ने अपने बेटों गणेश पुरी, ज्ञान पुरी से तलाश कराई। दोनों भाइयों ने तलाश करते जब गांव के पोखरा पर पहुंचे तो वहां पिंटू पुरी की चप्पल पड़ी मिला।
तत्काल इसकी सूचना भवानीगंज पुलिस को दी गई। रविवार को सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक गोताखोर के मदद से पोखरे में उसकी तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका। थानाध्यक्ष भवानीगंज बृजेश सिंह ने बताया कि पूरे दिन पोखरे में युवक की तलाश की गई। पोखरे में शैवाल अधिक होने से खोजने में समस्या हो रही है, एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। सोमवार को सुबह से उसकी तलाश की जाएगी।