सिद्धार्थनगर। तराई में गलन भरी ठंड बेहाल कर रही है। बुधवार को भी दिन भर धूप नहीं निकली। इससे गलन बरकरार रही। लगभग 5.5 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द पछुआ हवाओं के चलने से तराईवासी परेशान रहे। इस दाैरान नए साल का जश्न मनाने निकले लाेगों ने ठंड के बावजूद मस्ती की।
तराई में बीते लगभग 14 दिनों से लगातार कड़ाके की ठंड पड़ रही है, इस दौरान बीच में एक दिन धूप खिला, लेकिन उसके बाद एक सप्ताह से कड़ाके की ठंड पड़ने से जनजीवन प्रभावित है। ठंड का आलम ये है कि तेज सर्द हवाएं चल रही हैं। वहीं, बुधवार को भी सुबह-सुबह कोहरे व सर्द हवाओं का सामना करना पड़ा। तेज बर्फीली हवाओं के साथ दिन भर लोग घरों में दुबके रहे। घरों में दिन भर हीटर व अलाव जलते दिखे। बुधवार को अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया।