- विकास को रफ्तार देंगी गड्ढा मुक्त सड़कें, सुगम होगा आवागमन
- कपिलवस्तु विधायक के प्रस्ताव पर सड़कों के मरम्मत की मिली स्वीकृति
सिद्धार्थनगर। नौगढ़ तहसील क्षेत्र के सड़कों की दशा जल्द ही सुधरने वाली है। गड्ढाें में तब्दील हो चुकी 54 सड़कों से गुजरने पर होने कमर दर्द से निजात मिलेगी। एक साथ सभी सड़कों के मरम्मत की स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू हो जाएगा। इससे लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। विधायक श्यामधनी राही के प्रस्ताव से सड़कों की स्वीकृति प्रदान हुई है।
सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिल सके, इसके लिए विधायक और सांसद से समय-समय पर प्रस्ताव मांगा जाता है। कपिलवस्तु विधानसभा विधायक श्यामधनी राही ने 54 सड़कों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजा था। लोक निर्माण विभाग की ओर से 54 मार्गों के सामान्य मरम्मत कार्य के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी है। इनके निर्माण से गड्ढों से होकर गुजरने वाले लाखों लोगों की परेशानी दूर होगी। इन सड़कों के मरम्मत कार्य से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कृषि कार्यों को भी गति मिलेगी। लंबे समय से जर्जर मार्गों की मरम्मत की मांग की जा रही थी, जिसे अब सरकार ने गंभीरता से पूरा किया है।
प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता दे रही है। सड़क कनेक्टिविटी मजबूत कर विकास को धरातल पर उतारा जा रहा है। शीघ्र ही सभी स्वीकृत मार्गों पर मरम्मत कार्य प्रारंभ होगा, जिससे आमजन को राहत मिलेगी।
- श्यामधनी राही, विधायक, कपिलवस्तु