बढ़नी चाफा में रामलीला के दौरान हनुमान जी के लंका दहन प्रसंग का अभिनय करते कलाकार। संवाद
डुमरियागंज। नगर पंचायत बढ़नी चाफा के रामदीन जूनियर हाईस्कूल प्रांगण में चल रही रामलीला में बीती रात अशोक वाटिका उजाड़ने से लेकर लंका दहन तक के प्रसंग का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय और संवादों से हनुमान की वीरता को जीवंत कर दिया। लंका दहन का रोमांचक दृश्य देखकर श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।
रामलीला में दिखाया गया कि माता सीता की खोज में हनुमान लंका पहुंचते हैं। वहां अशोक वाटिका में उनकी मुलाकात माता सीता से होती है। हनुमान उन्हें प्रभु श्रीराम की मुद्रिका देकर उनका संदेश सुनाते हैं और जल्द ही प्रभु के आने का भरोसा दिलाते हैं। इसके बाद वह अशोक वाटिका में फल खाने लगते हैं और देखते ही देखते पूरी वाटिका उजाड़ देते हैं। इसकी जानकारी मिलने पर रावण के सैनिक उन्हें पकड़कर दरबार में ले जाते हैं।
रावण के दरबार में हनुमान निर्भीक होकर उसे प्रभु श्रीराम से वैर न करने की सलाह देते हैं। उनकी बातों से क्रोधित रावण उनकी पूंछ में आग लगाने का आदेश देता है। पूंछ में आग लगते ही हनुमान विशाल रूप धारण कर एक महल से दूसरे महल पर छलांग लगाते हुए पूरी लंका में आग लगा देते हैं। देखते ही देखते सोने की लंका आग की लपटों से घिर जाती है। इस दृश्य ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
कार्यक्रम से पूर्व समिति के अध्यक्ष रामनिवास यादव ने श्रद्धालुओं का आभार जताया। नगर अध्यक्ष धर्मराज वर्मा ने भी सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए रामलीला के दौरान शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की।
इस मौके पर अमित कुमार गुप्ता, ध्रुवराज वर्मा, राजकुमार गुप्ता, रामकुमार कसौधन, तिलकराम कसौधन, संजय कुमार गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।