ढेबरुआ। एसएसबी जवानों ने सोमवार को चेकपोस्ट बढ़नी पर 16 वर्षीय किशोरी के साथ इटवा निवासी रामराज यादव को हिरासत में लिया है। वह संतकबीरनगर की रहने वाली किशोरी को घर पहुंचाने के बहाने नेपाल ले जाने की फिराक में था। आवश्यक कार्रवाई के बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए उसे एएचटीयू को सौंप दिया।
एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक देवाशीष राय ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिली कि एक युवक 16 वर्षीय किशोरी को लेकर नेपाल ले जाने की फिराक में है। इसके बाद कस्बे की सीमा पर स्थित एसएसबी जवानों को अलर्ट कर दिया गया। सुबह करीब 6 बजे भारत-नेपाल सीमा के करीब चेकपोस्ट के पास जवानों को एक किशोरी युवक के साथ नजर आई। जवानों ने उसे रोक कर पूछताछ की तो पता चला कि वह नाबालिग है और जो लड़का उसे लेकर जा रहा था, वह उसे घर ले जाने के बहाने नेपाल लेकर जा रहा था।
किशोरी को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी कि वह नेपाल ले जाई जा रही थी। एसएसबी की टीम ने दोनों को गिरफ्त में ले लिया। पकड़े गए युवक की पहचान इटवा क्षेत्र के देहवा हथमाली छोटकी मड़ैया निकवासी रामराज यादव के रूप में हुई है।