बढ़नी। बच्चों में स्वच्छता की आदत विकसित करने और सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय सिसवा उर्फ शिवभारी में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एक से 31 अक्तूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत विद्यालय में रोचक और शिक्षाप्रद गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि बच्चों को खेल और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता का महत्व समझाया जा रहा है। इसके तहत संगीतमय टॉयलेट गेम, लूडो गेम, कीटाणु मार गिराना, जागरूकता रैली, नाटक और दस्तक शपथ जैसी गतिविधियां कराई जा रही हैं। इसके अलावा स्वच्छता पर विशेष कक्षाओं का भी संचालन हो रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों में व्यक्तिगत सफाई की आदत विकसित करना और स्वच्छ वातावरण के महत्व को उनके व्यवहार में शामिल करना है। इसके लिए विद्यालय प्रबंध समिति की बैठकें आयोजित कर अभिभावकों को भी जागरूक किया जा रहा है।