- राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षक, वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति की मांग
- 30 नवंबर से पहले काउंसिलिंग के माध्यम से विद्यालय आवंटित कराने पर दिया जोर
सिद्धार्थनगर। परिषदीय शिक्षकों की लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कराने की मांग को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। जिला महामंत्री पंकज कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षकों ने पदोन्नति प्रक्रिया निर्धारित नियमों और वरिष्ठता के आधार पर पारदर्शी तरीके से पूरी कराने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से महासंघ ने मांग की कि सर्वप्रथम उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, इसके बाद प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों की पदोन्नति की जाए, ताकि सभी पात्र शिक्षकों को नियमानुसार अवसर मिल सके।
महासंघ ने वरिष्ठता सूची का नियमानुसार प्रकाशन कराने, रिक्त पदों की स्थिति स्पष्ट करने और सभी विकासखंडों में एक समान प्रक्रिया अपनाने की मांग की। इसके साथ ही काउंसिलिंग के माध्यम से 30 नवंबर से पहले विद्यालय आवंटन सुनिश्चित कराने और लंबित वेतन एवं मानदेय का शीघ्र भुगतान करने पर जोर दिया।
पदाधिकारियों ने कहा कि पदोन्नति शिक्षकों के सेवाकाल, सम्मान और अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे में विभाग को बिना अनावश्यक विलंब किए लंबित प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए, ताकि सभी पात्र शिक्षकों को न्यायसंगत तरीके से पदोन्नति का लाभ मिल सके।
इस दौरान कोषाध्यक्ष अभय सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिवपाल सिंह, जिला मंत्री एवं ब्लॉक अध्यक्ष राकेश पांडेय, नौगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता, महामंत्री प्रवीण मिश्र, विनयकांत मिश्र सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।