बर्डपुर। स्थानीय ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में शुक्रवार को परिषदीय विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में पूर्व माध्यमिक विद्यालय बुड़ा की छात्राओं ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
प्राथमिक स्तर की जिम्नास्टिक और योग प्रतियोगिताओं में बुड़ा की छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि ककरहवा की छात्राएं दूसरे स्थान पर रहीं।
कबड्डी प्रतियोगिता में बुड़ा के छात्र-छात्राओं ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि ककरहवा की छात्राओं को द्वितीय स्थान मिला। वहीं, खो-खो प्रतियोगिता में पिपरसन की छात्राओं ने बाजी मारी और प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में बहोरवा उत्तरी के छात्र दूसरे स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही और खंड शिक्षा अधिकारी रामू प्रसाद ने संयुक्त रूप से खेल ध्वज फहराकर किया। छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।