शोहरतगढ़। थाना क्षेत्र के चेतिया मोड़ पर खड़े पिकअप में अनियंत्रित बाइक जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार मोहित (16) और आकाश (26) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस घटना को देखकर स्थानीय लोग दोनों घायलों को शोहरतगढ़ सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर मोहित की हालत गंभीर होने पर जिला मुख्यालय माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के छतहरा निवासी आकाश (26) पुत्र सुरेश बाइक से बृहस्पतिवार को मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के नगपरा अपने ससुराल अपने साले मोहित (16) अर्जुन को लाने के लिए गया था। शाम लगभग साढ़े छह बजे छतहरा जा रहे थे।
जैसे ही चेतिया मोड़ के पास पहुंचे थे कि तभी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पिकअप में जा टकराई। हादसे में जीजा-साला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को शोहरतगढ़ सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने दोनों उपचार किया। चिकित्सक राकेश मौर्या ने बताया कि नगपरा निवासी मोहित की हालत गंभीर होने से उसे रेफर कर दिया गया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसे की जानकारी है। पीड़ित की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।