सपा कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते जिलाध्यक्ष लालजी यादव। संवाद
सिद्धार्थनगर। प्रदेश सरकार के इशारे पर पुलिस पीडीए समाज के लोगों पर जुल्म एवं ज्यादती कर रही है। इसका ताजा उदाहरण नगर पंचायत कपिलवस्तु के ऊंजी पेट्रोल पंप के पास लक्ष्मी पूजा मूर्ति विसर्जन के दौरान चंपापुर निवासी रजनीश चौधरी को मोहाना थाना के चार पुलिस कर्मियों ने मारकर मरणासन्न कर दिया और फेंक कर फरार हो गए।
यह आरोप सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव व पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह ने घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर शनिवार को प्रेसवार्ता में लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस बाइक से पेट्रोलिंग करती हुई ज्योति चित्र मंदिर के पास से उठाकर ले गई और कुछ घंटे के बाद ऊंजी पेट्रोल पंप के पास रजनीश मरणासन्न हालत में मिला। उसकी हालत बहुत ही गंभीर थी जो अब लखनऊ के मैक्स हॉस्पिटल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहा है। ऐसे में मरणासन्न कर सड़क के किनारे फेंकने वाले संलिप्त चारों पुलिस कर्मियों के खिलाफ 48 घंटे के अंदर अगर केस दर्ज कर कोई कार्रवई नहीं की गई, तो समाजवादी पार्टी डीएम व एसपी कार्यालय का घेराव करेगी। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।