कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत छात्रों और बुजुर्गों से किया जनसंवाद
डुमरियागंज। कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान के तहत भवानीगंज और मोहाना थाना क्षेत्र में पुलिस टीमों ने जनसंवाद और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। भवानीगंज में श्रीराम इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य और शिक्षकों से संवाद कर विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुरक्षित आवागमन को लेकर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। छात्रों को सेल्फ डिफेंस के बारे में भी बताया गया।
पुलिस टीम ने विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक पुलिस सहायता के लिए सीपीयू टीम प्रभारी का संपर्क नंबर उपलब्ध कराया। प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने पुलिस के जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की।
इसी क्रम में मोहाना थाना क्षेत्र के अवधापुर गांव में बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के साथ जनसंवाद और गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साइबर अपराध से सतर्क रहने और किसी भी समस्या या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की।