शोहरतगढ़ कस्बे में अतिक्रमण हटवाते तहसील प्रशासन व नगर पंचायत प्रशासन। संवाद
शोहरतगढ़। शोहरतगढ़ कस्बे में अतिक्रमण के चलते जाम से जूझ रहे लोगों को अब समस्या से दो-चार नहीं होना पड़ेगा। समस्या को लेकर 19 दिसंबर को अमर उजाला अखबार में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और अभियान चलाकर अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया।
शुक्रवार को नगर पंचायत शोहरतगढ़ के मुख्य मार्ग पर एसडीएम विवेकानंद मिश्र, सीओ मयंक द्विवेदी, चेयरमैन उमा अग्रवाल व थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह मय फोर्स के साथ अभियान चला कर अतिक्रमण मुक्त कराया गया। दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई करने की हिदायत दी गई। अभियान गड़ाकुल के तिरगा चौराहे से शुरू किया गया। सड़क के दोनों तरफ नाली के बाहर जिसने भी अतिक्रमण किया था। सबको बुलडोजर से हटा दिया गया। गड़ाकुल में नाली पर मकान की सीढ़ियां व नाली के आगे बढ़ा कर लगाए गए दुकानों को भी हटा दिया गया है। अभियान पुलिस बूथ होते हुए तहसील मार्ग तक चलाया गया। सड़क पर इधर-उधर ठेला लगाए लोगों को भी सड़क से हटा दिया गया है। एसडीएम ने अतिक्रमण करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी ने दोबारा अतिक्रमण किया तो उसके खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा। शोहरतगढ़ कस्बा अतिक्रमण के कारण जाम से हांफता रहा है। रोगियों को अस्पताल पहुंचने, जरूरत मंद को खरीदारी करने में काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। वाहनों की रफ्तार कस्बे अंदर हाईवे पर थम जाती है। यही नहीं कस्बा पार करने में एक-एक घंटे का समय लग जा रहा है। रोज वाहनों की लंबी कतारें राहगीरों व वाहन चालकों के लिए सिरदर्द बन चुका है। इस समस्या को लेकर कुछ नगरवासियों ने ईओ को कई बार पत्र लिखा। डीएम से भी शिकायत भी की गई, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से खबर के तौर पर प्रकाशित किया। खबर का असर प्रशासन को होते ही शुक्रवार को सड़क की पटरियों से अतिक्रमण मुक्त करवाया।