डुमरियागंज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार डुमरियागंज ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भटगवां में रविवार को मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों को फॉर्म भरने की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें एसआईआर को लेकर जागरूक भी किया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता चंद्रभान अग्रहरि ने की। उन्होंने उपस्थित लोगों को मतदाता सूची अद्यतन से संबंधित सभी प्रक्रियाओं की जानकारी विस्तार से प्रदान की।
मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने, मृतक या बाहर चले गए व्यक्तियों के नाम हटाने, विवरण में संशोधन कराने तथा गणना प्रक्रिया से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सटीक बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल होना आवश्यक है।
ग्राम प्रधान विष्णु श्रीवास्तव ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाकर 27 नवंबर तक मतदाता सूची को शत-प्रतिशत अद्यतन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए गांव-गांव जाकर जागरूकता फैलाई जाएगी ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे अपने परिवार के सभी सदस्यों का नाम, आयु और अन्य विवरण सही-सही दर्ज कराएं तथा यदि किसी प्रकार की त्रुटि मिलती है तो तुरंत बीएलओ या संबंधित अधिकारी को सूचित करें।