जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में बल्लेबाजी करते खिलाड़ी। संवाद
सिद्धार्थनगर। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में बृहस्पतिवार को लक्ष्मी कैंब्रेज और सिद्धार्थनगर एसोसिएशन के बीच एक दिवसीय क्रिकेट मैच खेला गया। इसमें सिद्धार्थनगर एसोसिएशन ने लक्ष्मी कैंब्रेज को छह विकेट से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। सिद्धार्थनगर की तरफ से शानदार गेंदबाजी करते हुए आयुष ने चार विकेट चटकाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्मी कैंब्रेज ने निर्धारित 28.4 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 144 रन बनाए। टीम से मानस ने 51 , प्रियंक ने 29 और प्रेम ने 16 रन की पारी खेली। सिद्धार्थनगर एसोसिएशन के तरफ से गेंदबाजी करते हुए आयुष ने चार, यश ने तीन, आयुष ने दो और सिद्धांत ने एक विकेट चटकाए।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी सिद्धार्थनगर एसोसिएशन की टीम ने 15 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। इसमें शब्बीर ने 37, देवराज ने 29 और बशीर ने 25 रन की पारी खेली। लक्ष्मी कैंब्रेज के तरफ से गेंदबाजी करते हुए आलोक मिश्रा ने तीन व इंद्रेश ने एक विकेट झटके। इस दौरान कोच विपिन त्रिपाठी मौजूद रहे।