लोटन क्षेत्र के रामनगर रसियावल में आग लगने से जला हुआ सामान। संवाद
सिद्धार्थनगर। दीपावली के उत्सव में सोमवार रात जिले के पांच अलग-अलग इलाके में शार्ट सर्किट और अन्य कारणों से लगी आग में पांच परिवार के अरमान जल गए। किसी की दुकान तो किसी के मकान में लगी आग से लाखों का नुकसान हुआ। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की टीम के घंटाें कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मामले की जानकारी के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर जांच की है।
बर्तन की दुकान में लगी आग, सामान जलकर नष्ट : इटवा। कस्बे से सटे पहाडापुर में एक बर्तन की दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस हादसे में करीब 25 हजार रुपये फाइबर के बने बर्तन जलकर नष्ट हो गए।
जानकारी के मुताबिक, पहाडापुर के बर्तन के बड़े कारोबारी दीपावली के दूसरे दिन मंगलवार को दुकान पर बर्तन की बिक्री कर रहे थे। सामान की कमी होने पर गोदाम से सामान मंगवाया। इसी दौरान दुकान से सामान लेने गए एक युवक गोदाम से धुआं उठता देखकर घबरा गया और बाहर आकर दुकान पर बैठे लोगों को आगलगी की सूचना दी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और समय रहते आग बुझाने में सफल रहे। इस संबंध में एसओ श्याम सुंदर तिवारी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद आग पर काबू पा लिया गया।
दुकान में लगी आग, लाखों का नुकसान : घोसियारी। खेसरहा थाना के घोसियारी के निकट परासी चौराहा स्थित किराना और हार्डवेयर की दुकान में दीपावली के दिन जलाए गए दीपक से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी जद में ले लिया और सभी सामान नष्ट हो गए। घटना सोमवार रात लगभग 09:00 बजे की है। संतकबीनगर और जिले की फायर ब्रिगेड की टीम के घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाते समय घूरे चौधरी बुरी तरह झुलस गए थे, जिनका प्राथमिक उपचार के परिजन घर ले आए।
मिली जानकारी के अनुसार, संतकबीरनगर बाॅर्डर पर स्थित परासी निवासी घूरे प्रसाद चौधरी गांव के चौराहे पर मकान बना कर आगे के एक कमरे में किराना और हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। बगल के दो कमरों में किरायेदार कपियवा निवासी प्रदीप की बाइक रिपेयर की दुकान व कपियवा निवासी मिथुन की टेंट की दुकान हैं। सोमवार देर रात घूरे चौधरी की दुकान में दीये से लगी आग ने थोड़ी ही देर में भयंकर रूप ले लिया। सूचना पर खेसरहा थाना की पुलिस व चौकी प्रभारी जगत यादव ने तत्परता दिखाते हुए बेलहर थाने से संपर्क किया, जिसके बाद वहां से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच गई। तमाम कोशिशों के बावजूद कुछ भी नहीं बचा। आग बुझाते समय घूरे चौधरी बुरी तरह झुलस गए थे, जिनका प्राथमिक उपचार के परिजन घर ले आए।