भनवापुर। ब्लाॅक क्षेत्र में यूरिया खाद की किल्लत से नाराज किसानों ने शनिवार दोपहर ओपी खाद भंडार महुआ खुर्द पर हंगामा किया और शाहपुर–सिंगारजोत मार्ग जाम कर दिया।
सूचना पर बड़ी संख्या में किसान खाद लेने पहुंचे थे, लेकिन वितरण में ओवर रेटिंग और अनियमितता का आरोप लगाते हुए उन्होंने सड़क पर जाम लगा दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही तहसीलदार डुमरियागंज रवि कुमार यादव मौके पर पहुंचे और किसानों में 175 बोरी यूरिया बंटवाकर जाम समाप्त कराया। वहीं, सघन सहकारी समिति रमवापुर जगतराम के जूड़ीकुइयां के गोदाम पर किसानों की लंबी कतार देखने को मिली। पांच सौ बोरी आई यूरिया को लेने के लिए करीब एक हजार किसान जुट गए।
सचिव पशुपति नाथ गुप्ता ने भीड़ को अनियंत्रित देख बिजौरा पुलिस चौकी से दो सिपाही व एक होमगार्ड की मौजूदगी में किसी तरह तीन सौ बोरी यूरिया का वितरण कराया। बाकी आधार जमा कर कल बांटने का आश्वासन देकर वितरण कार्य बंद कर दिया। खाद नहीं मिलने से करीब दो सौ से अधिक किसान बेरंग बिना खाद लिए ही मायूस लौट गए।
इस संबंध में एसडीएम डुमरियागंज राजेश कुमार ने बताया कि हालात शांत करवा दिए गए हैं और किसानों को यूरिया वितरित कर दिया गया है।