- बढ़नी, खुनुवां, अलीगढ़वा और ककरहवा में विशेष सतर्कता, संदिग्धों की गतिविधियों पर खुफिया एजेंसियों की नजर
- नेपाल से लगी 68 किलोमीटर खुली सीमा पर आने-जाने वालों और सामान की हो रही जांच
सिद्धार्थनगर। दिवाली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पांच दिन तक चलने वाले दीपोत्सव के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। बढ़नी, खुनुवां, अलीगढ़वा और ककरहवा सीमा क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जा रही है। मुख्य मार्गों के साथ जंगलों, खेतों और गांवों के बीच से गुजरने वाली पगडंडियों पर भी सुरक्षा बल नजर रख रहे हैं, ताकि कोई संदिग्ध व्यक्ति बिना जांच के भारतीय क्षेत्र में प्रवेश न कर सके।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसबी और पुलिस की ओर से संयुक्त गश्त की जा रही है। सीमा पर आने-जाने वाले लोगों और सामान की जांच के साथ पहचान पत्रों का सत्यापन भी किया जा रहा है। संदिग्ध दिखने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों के साथ खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में सीमावर्ती गांवों और कस्बों में आए नए लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। अधिकारी लगातार सीमा की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
नेपाल से लगी सिद्धार्थनगर की करीब 68 किलोमीटर खुली सीमा भौगोलिक स्थिति के कारण संवेदनशील मानी जाती है। दोनों देशों के बीच रोटी-बेटी का संबंध होने के कारण सामान्य दिनों में भी बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। त्योहारों के दौरान खरीदारी के लिए नेपाल से लोग सीमावर्ती भारतीय बाजारों में पहुंचते हैं। इससे आवाजाही बढ़ जाती है। खुली सीमा का फायदा उठाकर तस्करी और अन्य अवांछित गतिविधियों की आशंका को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी और जांच तेज कर दी है।
मुख्य चेकिंग प्वाइंट पर विशेष सतर्कता
बढ़नी और खुनुवां के साथ अलीगढ़वा तथा ककरहवा में विशेष निगरानी की जा रही है। इन क्षेत्रों में मुख्य मार्गों के अलावा ऐसे संपर्क रास्तों पर भी नजर रखी जा रही है, जहां से लोग पैदल सीमा पार कर सकते हैं। खेतों और गांवों के बीच से गुजरने वाली पगडंडियों पर गश्त बढ़ाई गई है। त्योहार के दौरान सीमावर्ती बाजारों में नेपाल से भी बड़ी संख्या में खरीदार पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा बलों की ओर से आने-जाने वालों की जांच पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
हाल की बरामदगियों के बाद बढ़ाई गई सतर्कता
हाल के दिनों में सीमा क्षेत्र में हुई बरामदगियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं। 31 अक्तूबर को अलीगढ़वा सीमा चौकी पर 500 पैकेट नेपाली सिगरेट बरामद की गई थी। वहीं, एक नवंबर को कोटिया सीमा क्षेत्र में एसएसबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 22.8 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे पकड़े गए थे। इसके अलावा तीन दिन पहले खुनुवां सीमा पर नेपाल की ओर पटाखे ले जाते समय एक संदिग्ध को पकड़ा गया था। उसके पास से बोरी में रखे 50 किलोग्राम से अधिक पटाखे बरामद हुए थे। इन घटनाओं को देखते हुए त्योहार के दौरान संदिग्ध सामान और गतिविधियों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम कर रही हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी सतर्कता बरती जा रही है, ताकि दीपोत्सव के दौरान किसी तरह की अवांछित घटना न हो।
बोले जिम्मेदार
दिवाली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिले के साथ सीमा पर भी जांच और निगरानी तेज कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां और सीमावर्ती थानों की पुलिस लगातार गश्त कर रही हैं। संदिग्ध दिखने वालों से पूछताछ और सीमा पर सामान की गहन जांच कराई जा रही है।
- प्रशांत कुमार प्रसाद, एएसपी