इटवा। जिला विज्ञान क्लब की ओर से माता प्रसाद जायसवाल इंटर कॉलेज इटवा में बुधवार को राष्ट्रीय गणित दिवस को लेकर स्कूली बच्चों के लिए वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने बच्चों को गणित के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
एसडीएम इटवा कुणाल ने कहा कि गणित का हमारे दैनिक जीवन में बहुत ही महत्व है। दैनिक जीवन में गणित के व्यावहारिक अनुप्रयोगों के बारे में जागरूकता फैलाना ही इस कार्यक्रम का उद्देश्य है।
साथ ही छात्रों और आम जनता में गणित के प्रति रुचि और समझ विकसित करने के उद्देश्य से विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा ऐसे महत्वपूर्ण रोचक वैज्ञानिक कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाता है। जो स्कूली बच्चों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है।
प्रधानाचार्य रमाकांत द्विवेदी ने कहा कि स्कूली बच्चों के बीच समय-समय पर गणित जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम कराया जाना महत्वपूर्ण है। इसके लिए हम क्लब के वैज्ञानिक प्रयास की सराहना करते हैं।
विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय वन अधिकारी मोहम्मद इलियास खान ने कहा कि इस तरह के वैज्ञानिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्कूली बच्चों के अंदर वैज्ञानिक दृष्टिकोण जागृत करने का अवसर प्राप्त होता है। गणित के शिक्षक मोहम्मद तौकीर आलम, देवेंद्र कुमार द्विवेदी, ज्ञान देव मौर्य आदि ने भी बच्चों को संबोधित किया।ि