: बांसी, डुमरियागंज और इटवा क्षेत्र की चार प्रमुख सड़कों के निर्माण की बनी कार्ययोजना
: व्यापार, आवागमन में सुविधा के साथ नेपाल सीमा और गैर जनपदों तक होगा कनेक्टिविटी
सिद्धार्थनगर। जिले में पुरानी सड़कों के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के साथ ही नए राज्य मार्ग विकसित करने की पहल शुरू हो गई है। जनप्रतिनिधियों की मांग के बाद पीडब्ल्यूडी ने 450 करोड़ की चार बड़ी सड़कों के निर्माण की कार्ययोजना शासन को भेजी गई है। सड़कों के निर्माण से जिले में सड़कों का नया रूट विकसित होगा। साथ ही लगभग 450 से अधिक गांवों का आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों में सहूलियत होगी।
पीडब्ल्यूडी की ओर से शासन को भेजे गए प्रस्ताव में संतकबीर नगर, बस्ती व सिद्धार्थनगर जिलों से गुजरने वाली मेहदावल-रुधौली-डुमरियागंज (एमआरडी) मार्ग समेत चार सड़कें शामिल हैं। इसमें पीडब्ल्यूडी बांसी की ओर से 164 करोड़ की लागत से 31 किमी लंबे बांसी-इटवा-बेलवा राज्य मार्ग संख्या 159 के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण की कार्ययोजना बनाई गई है। पीडब्ल्यूडी इटवा खंड की ओर से शासन को भेजी गई कार्ययोजना में 193 करोड़ रुपये की लागत से 42 किमी लंबे डुमरियागंज-ढेबरुआ मार्ग का निर्माण शामिल है।
साथ ही 16 किमी लंबे इटवा-बिस्कोहर के निर्माण में 95 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन सड़कों के निर्माण से लगभग 350 गांवों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा होगी। वर्तमान में इन सड़कों की स्थिति बदहाल होने के कारण स्थानीय लोगों समेत इन मार्गों से गुजरने वाले भारी व्यापारिक वाहन चालकों को दुश्वारियां झेलनी पड़ती है। यहां तक कि सड़क खराब होने के कारण वाहन चालक दूसरे मार्ग से आवागमन करने के लिए मजबूर रहते हैं।
-
एमआरडी राज्य मार्ग बनेगा क्षेत्र का नया रूट
तीन जिलों को जोड़ने वाले 52 किमी लंबे मेहदावल-रुधौली-डुमरियागंज (एमआरडी) मार्ग निर्माण से आवागमन का एक नया रूट विकसित होगा। इसके तहत संतकबीरनगर जिले में 71 करोड़ की लागत से 17 किमी सड़क और बस्ती जिले में 88 करोड़ की लागत से 20 किमी सड़क का निर्माण कराया जाना है। वहीं, इस मार्ग पर सिद्धार्थनगर में 62 करोड़ रुपये की लागत से 15 किमी सड़क का कराया जाएगा। इस मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण से तीनों जिलों के इन क्षेत्रों के लोगों का सीधा जुड़ाव हो जाएगा और लोगों के आवागमन के लिए दूसरे मार्गों से होते हुए चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
सीएम ने इन सड़कों को किया है स्वीकृत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के बांसी क्षेत्र में मिठवल को जोड़ने वाली 11 किमी लंबे क्षतिग्रस्त मार्ग के निर्माण के लिए 28 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। साथ ही डुमरियागंज क्षेत्र में 9.5 किमी लंबे बढ़नी चाफा मार्ग के निर्माण के लिए 24 करोड़ 58 लाख रुपये और इटवा में बढ़या से गौरा बाजार तक 15 किमी सड़क का 60 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण के लिए स्वीकृति देने की घोषणा की गई थी। इन मार्गों के निर्माण से लगभग 150 गांव के लोगों का आवागमन दुरुस्त होगा और व्यावसायिक गतिविधियाें में सहूलियत मिलगी।
-
वर्तमान में बदहाल है जिले के कई प्रमुख मार्ग
वर्तमान में जिले की कई प्रमुख सड़कें बदहाल स्थिति में हैं। इससे लोगों को आवागमन में दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। इनमें ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें बेहद खराब स्थिति में है। मिठवल को जोड़ने वाली सड़क क्षतिग्रस्त हैं और कई जगह गड्ढे हो गए हैं। वहीं, डुमरियागंज क्षेत्र में बढ़नी चाफा मार्ग और इटवा में बढ़या से गौरा बाजार तक सड़क जर्जर है। इसके अलावा शोहरतगढ़ और नौगढ़ तहसील क्षेत्र की भी कई ग्रामीण सड़कें टूटकर क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिस कारण स्थानीय लोगों के साथ स्कूली बच्चों, बुजर्गों और महिलाओं को दुश्वारियां झेलनी पड़ती है।
-
बढ़या से गौरा मार्ग बहुत बदहाल स्थिति में है। क्षतिग्रस्त सड़क के गड्ढों के कारण आवागमन में दिक्कत होती है। सड़क निर्माण होने से बहुत राहत मिलेगी।
सुधीर पाठक, बिड़रा
क्षतिग्रस्त सड़क में बने गड्ढों में हिचकोले खाने के कारण आवागमन में दुश्वारी झेलने के साथ ही अक्सर दुर्घटना होती है। सड़क बनने से सहूलियत होगी।
मोहम्मद फैय्याज, बिड़रा
-
पीडब्ल्यूडी की ओर से जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर जिले की क्षतिग्रस्त सड़कों के पुर्ननिर्माण, चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की कार्ययोजना को अनुमोदित कर शासन को भेजी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद इन सड़कों के निर्माण से लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
- शिवशरणप्पा जीएन, जिलाधिकारी