जोगिया। ब्लाॅक परिसर में पांच लाख रुपये खर्च कर लगाया गया आरओ वॉटर प्लांट चार माह से बंद पड़ा है। वाॅटर प्लांट से लोगों को पीने का शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा है, ऐसे में लोगों को पीने के शुद्ध पानी के लिए उधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
ब्लॉक में आने वाले लोगों के लिए व राहगीरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सस्टेनेबेल वाॅटर प्यूरीफिकेशन सिस्टम की स्थापना की गई थी। चार माह से यह खराब पड़ा हुआ है। इससे जोगिया ब्लाॅक परिसर में अपने कार्य के लिए पहुंचने वालों को शुद्ध पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इसमें पानी को फिल्टर करने के लिए लगी मशीन सर्विस के अभाव में खराब हो गई है। इसको ठीक नहीं कराया जा रहा। नलों की टोटियां टूट गई हैं, जिससे यहां से किसी को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है।
फिल्टर मशीन बंद हो जाने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां आने जाने वालों को 20 रुपये की पानी का बोतल खरीद कर पीना पड़ रहा है। दिनेश, सुनीता, सुनील कुमार, मनीष, राजेश, विपिन, गुड़िया, कौशिल्या देवी आदि ने बताया कि चार वर्ष पूर्व बनी फिल्टर मशीन बहुत दिन से खराब पड़ी है, जिससे इसका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। इस कारण ब्लाॅक में आने-जाने वाले लोगों को बाहर से पानी की बोतल लेकर आनी पड़ती है।