बिस्कोहर। सऊदी अरब के नजरान शहर में मृत डोकम अमया गांव निवासी रिजवान अहमद के शव को वतन लाने का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म होने वाला है। करीब 45 दिनों से अपने प्रिय के अंतिम दर्शन की आस लगाए बैठे पीड़ित परिवार के लिए बृहस्पतिवार की शाम शव आने की खबर मिल गई।
मृत रिजवान का पार्थिव शरीर लेकर आगामी रविवार को सऊदी एयरलाइंस का विमान लखनऊ स्थित अमौसी एयरपोर्ट आएगा।
सऊदी अरब के कार्गो ने फ्लाइट का शेड्यूल जारी करते हुए परिजन को शव भारत भेजे जाने की तारीख की आधिकारिक सूचना दे दी है। मृतक रिजवान के छोटे भाई रिहान रजा ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े छह बजे उनके पास सऊदी अरब के कार्गो से फोन आया। अधिकारियों ने बताया कि शव को भारत भेजने की कागजी प्रक्रिया पूरी करके उसे शुक्रवार को ही रवाना किया जाना था लेकिन तकनीकी कारणों से संबंधित फ्लाइट अचानक निरस्त हो गई। इसके बाद कार्गो विभाग ने नया फ्लाइट शेड्यूल तय किया है।
अब रिजवान का पार्थिव शरीर आगामी 9 अगस्त रविवार को सऊदी एयरलाइंस के विमान से सीधे लखनऊ स्थित अमौसी एयरपोर्ट भेजा जाएगा।