सिद्धार्थनगर। सोना-चांदी के लगातार बढ़ते दाम के चलते सराफा बाजार में धीरे-धीरे सन्नाटा नजर आने लगा है। आसमान छूते दामों के कारण ग्राहकों ने फिलहाल खरीदारी से दूरी बना ली है जबकि मजबूरी में खरीदारी करने वाले लोग वजन से समझौता कर रहे हैं।
बाजार में खरीदारी न होने से कारोबारी चिंतित नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को को 24 कैरेट सोना लगभग 1,40,900 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 2,26,900 रुपये प्रति किलो पहुंच गई।
सोने-चांदी के दामों में लगातार होने वाली बढ़ोतरी का असर बाजार में दिखाई दे रहा है। हर दिन बढ़ने दामों के कारण ग्राहकों ने सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी से दूरी बना ली है। इससे शहर के सराफा बाजार में ग्राहक नजर नहीं आ रहे हैं।
बाजारों में नए आभूषणों की खरीदारी नहीं हो रही है। सिर्फ पुराने आभूषणों की सफाई का काम चल रहा है। स्वर्ण कारोबारी आनंद अग्रहरि, अभिषेक अग्रहरि, रवि, अभिनव ने कहा कि सोने-चांदी के दामों में उछाल के कारण ग्राहकों की संख्या कम हो गई है। आम दिनों में इस समय बाजार में रौनक रहती थी, लेकिन इस साल बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। लगातार बढ़ने भाव के कारण ग्राहक खरीदारी की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
इसका सीधा असर सराफा कारोबार पर पड़ा है। वहीं, जिन लोगों ने चांदी में निवेश कर रखा है उनको काफी फायदा हो रहा है।