- दिन में धूप और रात में ठंड से बिगड़ रही सेहत, सीएचसी बेवा में रोज पहुंच रहे 40 से 50 मरीज
भारतभारी। दिन में धूप और रात में ठंड के कारण बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। सर्दी, खांसी, छींक, नाक बहने और गले में खराश की शिकायत बढ़ रही है। बेवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में रोजाना 40 से 50 मरीज एलर्जी और मौसमी संक्रमण की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं।
सोमवार को सीएचसी बेवा में तैनात चिकित्सक डॉ. राहुल चौधरी ने बताया कि दिन और रात के तापमान में अंतर होने से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो रही हैं। सर्दी, खांसी, छींक और गले में खराश के साथ कुछ मरीजों में बुखार और मांसपेशियों में दर्द की शिकायत भी मिल रही है। ऐसे में लोगों को मौसम के अनुसार अपनी दिनचर्या में बदलाव करने और सेहत के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि वातावरण में तापमान और नमी में बदलाव से श्वसन संबंधी संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। वहीं, धूल, धुआं और परागकण एलर्जी की परेशानी बढ़ा सकते हैं। नाक बंद होना या बहना, लगातार छींक आना, आंखों से पानी निकलना, गले में खराश और खांसी इसके प्रमुख लक्षण हैं। बुखार और शरीर में दर्द होने पर संक्रमण की आशंका भी हो सकती है।
एलर्जी और संक्रमण से बचाव के लिए बरतें सावधानी
डॉ. राहुल चौधरी ने बताया कि एलर्जी और मौसमी संक्रमण से बचने के लिए धूल और धुएं से दूर रहें। ठंडी हवा से बचाव करें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। गले में खराश होने पर गुनगुने पानी में नमक मिलाकर गरारे करने से राहत मिल सकती है। गर्म पेय पदार्थ भी आराम पहुंचा सकते हैं। तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी या लगातार खांसी होने पर चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाएं लेने से बचना चाहिए।