- एसपी ने 25-25 हजार का इनाम रखा, कपिलवस्तु के चंपापुर गांव का युवक सिपाहियों की पिटाई से हुआ था घायल
सिद्धार्थनगर। युवक को अगवा करने और हत्या के प्रयास में आरोपी राजन सिंह, मनोज यादव, अभिषेक गुप्त और मनजीत सिंह पर एसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मोहाना थाना क्षेत्र के इन चार सिपाहियों पर युवक को जबरन ले जाने और रास्ते में उसकी पिटाई कर बाइक से गिराने का आरोप है। इनकी गिरफ्तारी के लिए पहले से दो टीमें लगी हुई हैं।
कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के चंपापुर गांव निवासी रजनीश पटेल 22 अक्टूबर की रात मोहाना थाना क्षेत्र के उजी पेट्रोल पंप के पास घायलावस्था में पाया गया था। उसका लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जांच में मोहाना थाना में तैनात चार पुलिसकर्मियों का नाम सामने आया जो उसे जबरन लेकर गए थे। आरोप है कि रास्ते में उसकी पिटाई की और उसे धक्का मार कर बाइक से गिरा दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और जिंदगी के लिए जूझ रहा है। इस मामले में पीड़ित के भाई अवनीश की तहरीर पर चारों कांस्टेबल पर अपहरण और हत्या के प्रयास का केस तीन दिन पहले दर्ज हुआ था।
एडीजी गोरखपुर अशोक मुथा जैन ने दो क्षेत्राधिकारियों की अगुवाई में टीमें बनाकर गिरफ्तारी के दिशा-निर्देश दिए थे। तीन दिन बाद भी वह पुलिस की पकड़ से दूर है। अब उनकी गिरफ्तारी के लिए एक-एक सिपाही पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि आरोपी पुलिस कर्मियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगीं हैं। उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।