डुमरियागंज नगर पंचायत क्षेत्र के रेस्टोरेंट से नमूना लेती टीम।
शाहपुर। डुमरियागंज नगर पंचायत में मंगलवार को खाद्य टीम ने निरीक्षण किया। टीम आने की सूचना पर अधिकांश रेस्टोरेंट संचालक दुकान बंद कर भाग गए। टीम ने छापा मारकर दो दुकानों से नमूने लिए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
ऑनलाइन आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की गई थी कि नगर पंचायत स्थित अवध फैमिली रेस्टोरेंट में परोसे गए खाने में कीड़े पाए गए हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खाद्य विभाग की टीम ने मंगलवार को रेस्टोरेंट पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने काजू, अजीनोमोटो, मिर्च पाउडर व चिकन ग्रेवी का सैंपल लिया। रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई होगी।
कार्रवाई में सहायक आयुक्त खाद्य आरएल यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जय प्रकाश, रंजन कुमार श्रीवास्तव, हीरालाल और नीरज कुमार चौधरी शामिल रहे। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ग्राहकों से भी बातचीत की और रेस्टोरेंट के किचन की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। टीम ने रेस्टोरेंट संचालक को साफ-सफाई और मानक नियमों के पालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
सैंपल को जांच के लिए टीम अपने साथ ले गई। इसी दौरान टीम ने नगर पंचायत स्थित चाची 420 रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया। होटल में सफाई एवं गुणवत्तापूर्ण व्यंजन परोसने के निर्देश दिए।