डुमरियागंज स्थित मिष्ठान के गोदाम पर जांच करती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम।
डुमरियागंज। नगर पंचायत डुमरियागंज के खीरामंडी स्थित वैष्णवी मिष्ठान भंडार के गोदाम पर बृहस्पतिवार को खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारा। इस दौरान दो क्विंटल खराब मिठाई नष्ट कराई। टीम के पहुंचते ही हड़कंप मच गया। पूरे डुमरियागंज नगर पंचायत की मिठाई की दुकानों के शटर गिर गए।
शिकायत के बाद हुई इस कार्रवाई में दर्जनों गैस सिलेंडर,तीन बड़े कड़ाहों में मिठाई बनाने के सामान और करीब दो क्विंटल से अधिक खराब व सड़ी हुई मिठाई बरामद की गई। मिठाई स्टील के बर्तन में में भरी हुई मिली जो खाने योग्य नहीं थी। खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर ही मिठाई को नष्ट कराने के निर्देश दिए।जांच के लिए लखनऊ की प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
इस संबंध में सहायक आयुक्त खाद्य आरएल यादव ने बताया कि गोदाम में गंदगी पाई गई है। खराब मिठाई और अन्य सामान जब्त किया गया है। दुकान मालिक को नोटिस जारी किया जाएगा।