फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: रफ्तार पकड़ने को रडार तैयार, गति सीमा बताने को बोर्ड ही नहीं

Sat, 14 Nov 2026 11:02 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
- हाईवे और प्रमुख मार्गों पर गति सीमा बताने वाले संकेतक बोर्ड कई जगह नदारद
विज्ञापन

- स्पीड रडार से वाहनों की रफ्तार मापकर हो रही कार्रवाई, चालकों को निर्धारित सीमा की जानकारी नहीं
- बांसी से बस्ती सीमा तक नहीं मिला बोर्ड, शोहरतगढ़ में लगा संकेतक भी आकार में छोटा
सिद्धार्थनगर। यातायात पुलिस वाहनों की रफ्तार मापने के लिए स्पीड रडार से निगरानी कर रही है और ओवरस्पीड मिलने पर चालान भी काट रही है। वहीं, जिले के हाईवे और प्रमुख मार्गों पर गति सीमा बताने वाले संकेतक बोर्ड कई जगह नदारद हैं। ऐसे में जब चालकों को निर्धारित गति सीमा की जानकारी ही नहीं मिलेगी तो वे उसका पालन कैसे करेंगे, यह बड़ा सवाल है।
सड़कों पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने और हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस की ओर से स्पीड रडार से जांच की जा रही है। निर्धारित गति से अधिक तेज वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रतिदिन 50 हजार रुपये से अधिक के चालान किए जा रहे हैं। इसके बावजूद वाहन चालकों को यह बताने की व्यवस्था नदारद है कि किस मार्ग पर कार, बाइक, बस और ट्रक के लिए कितनी गति निर्धारित है।
विज्ञापन

बांसी और शोहरतगढ़ मार्ग पर स्थिति देखी गई तो बांसी से बस्ती सीमा तक गति सीमा का कोई संकेतक बोर्ड नहीं मिला। वहीं, शोहरतगढ़ क्षेत्र में एक बोर्ड लगा है, लेकिन उसका आकार इतना छोटा है कि दूर से गुजरने वाले वाहन चालकों को आसानी से दिखाई नहीं देता। ऐसे में रफ्तार पकड़ने के लिए रडार तो तैयार है, लेकिन चालकों को पहले से सचेत करने वाली व्यवस्था सवालों के घेरे में है।

गति सीमा बताने वाले बोर्ड जरूरी
सड़क पर वाहनों की गति सीमा अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार निर्धारित होती है। हाईवे पर कार, दोपहिया और भारी वाहनों की गति सीमा अलग हो सकती है। ऐसे में मार्ग पर स्पष्ट संकेतक बोर्ड होना जरूरी है। वाहन चालकों का कहना है कि कुछ माह पहले जिले में हाईस्पीड वाहनों की निगरानी के लिए स्पीड रडार और अन्य उपकरण आए। इसके बाद चेकिंग और चालान की कार्रवाई शुरू कर दी गई, लेकिन कई मार्गों पर गति सीमा के बोर्ड नहीं लगाए गए। जहां लगे हैं, वहां उनका आकार और दृश्यता पर्याप्त नहीं है। रात के समय इन्हें देख पाना और मुश्किल हो जाता है।

रडार से जांच, फिर चालान
यातायात पुलिस स्पीड रडार के माध्यम से वाहनों की गति मापती है। निर्धारित सीमा से अधिक रफ्तार मिलने पर ई-चालान किया जाता है। इसका उद्देश्य तेज गति से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और यातायात नियमों का पालन कराना है। हालांकि, चालान की कार्रवाई के साथ वाहन चालकों को गति सीमा की जानकारी देना भी जरूरी है। इसके लिए प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त दूरी पर बड़े और स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाए जाने चाहिए, ताकि चालक पहले से अपनी गति नियंत्रित कर सकें।

एनएचएआई और विभाग की जिम्मेदारी
वाहन स्वामी राकेश कुमार मौर्य, जितेंद्र कुमार और आसिफ का कहना है कि हाईवे और प्रमुख मार्गों पर गति सीमा के संकेतक बोर्ड लगाने की जिम्मेदारी संबंधित सड़क निर्माण और रख-रखाव एजेंसियों की है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर एनएचएआई और अन्य मार्गों पर संबंधित विभाग को इस ओर ध्यान देना चाहिए। बोर्ड ऐसे स्थानों पर लगाए जाएं, जहां वाहन चालकों को दूर से ही स्पष्ट दिखाई दें। बड़े आकार के बोर्ड, स्पष्ट अक्षर और रात में चमकने वाले संकेतकों की व्यवस्था होने से चालक समय रहते अपनी रफ्तार नियंत्रित कर सकेंगे।

68 वाहनों का 75,500 रुपये का ई-चालान
औराताल। यातायात माह नवंबर के तहत शुक्रवार को थाना डुमरियागंज की सीसी टीम ने सोनहती और मोतीगंज चौराहे पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। सीसी टीम प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में कांस्टेबल अमन प्रतीक दुबे और प्रवीण कुमार मौर्य ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 68 वाहन चालकों का 75,500 रुपये का ई-चालान किया। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी और बिना कागजात वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करने के प्रति जागरूक किया गया।
विज्ञापन


बोले जिम्मेदार
हाईस्पीड से चलने वाले वाहनों की जांच कर कार्रवाई की जा रही है। शोहरतगढ़ मार्ग पर गति सीमा का बोर्ड लगवा दिया गया है। अन्य चेकिंग वाले मार्गों पर भी बोर्ड लगवाए जा रहे हैं, जिससे लोग निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और हादसों को रोका जा सके।
- अजय कुमार यादव, प्रभारी यातायात
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें