जुलूस में शमिल हुए मुस्लिम समूदाय के लाेग। सवाद
खुनुवां। शोहरतगढ़ ब्लॉक के सीमावर्ती क्षेत्र के गांवों और कस्बों में शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय ने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद साहब के जन्मदिवस 12 रबीउल अव्वल पर्व उल्लास और भाईचारे के साथ पर्व मनाया। इस अवसर पर क्षेत्र के खुनुवां, अठकोनियां, भदवा, परसौना, बगुलहवा, करहिया, गुजरौलिया, चेतरा, सिसई, मधवापुर आदि मदरसों के छात्र, युवाओं और बुजुर्गों की अगुवाई में भव्य जुलूस निकाले गए।
जुलूस में नात-ए-पाक, सलाम और धार्मिक नारों के बीच बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हाथों में हरे झंडे और बैनर थामे छात्र आकर्षण का केंद्र बने। जुलूस गांवों व कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरा, जहां स्थानीय विशेष समुदाय के नागरिकों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। मस्जिदों और मदरसों में मिलाद शरीफ का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने हजरत मुहम्मद साहब की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए समाज में प्रेम, भाईचारे और अमन-शांति का संदेश फैलाने की अपील की।
चौकी इंचार्ज खुनुवां सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पर्व को लेकर पुलिस व प्रशासन सतर्क रहा। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई और जुलूस की निगरानी की गई।