सिद्धार्थनगर। उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 तक चलेंगी। परीक्षा कार्यक्रम घोषित होते ही विद्यालयों में तैयारी तेज हो गई है।
इसमें छात्र-छात्राओं को बेहतर अंक मिल सकें, इसके लिए मॉडल पेपर सहित अन्य तरीकों से पढ़ाई कराई जाएगी।
साथ ही शिक्षक उनके कोर्स का रिविजन भी कराएंगे।
जिले में इस बार 50 हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। विद्यालयों में अब रिवीजन टेस्ट, प्रैक्टिकल तैयारी और मॉडल पेपर हल कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
परीक्षा पूर्ववत दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक व द्वितीय पाली दोपहर 2:00 से शाम 5:15 बजे तक तय की गई है। हाईस्कूल की परीक्षा 18 फरवरी को हिंदी विषय से आरंभ होकर 12 मार्च को कृषि विषय की परीक्षा के साथ समाप्त होगी। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा सामान्य हिंदी से प्रारंभ होकर कंप्यूटर विषय के साथ संपन्न होगी। परीक्षा को लेकर अभ्यास सत्र तेज कर दिए गए हैं। अध्यापक अब रोजाना दो अतिरिक्त पीरियड लेकर विद्यार्थियों की तैयारी मजबूत कर रहे हैं।
परीक्षा कार्यक्रम घोषित होने के बाद अब विषयवार तैयारी की रूपरेखा बनाना आसान हो गया है। वहीं रोजाना स्कूल में पुराने प्रश्नपत्रों पर आधारित टेस्ट लिए जा रहे हैं, जिससे आत्मविश्वास बढ़ा है।
्