- उसका बाजार के 48 गांवों में तीन दिनों से बिजली ठप, ग्रामीण आक्रोशित
उसका बाजार। विकास क्षेत्र उसका बाजार के करीब 48 गांवों में पिछले 78 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। लगातार तीन दिन से बिजली नहीं आने के कारण ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों में बिजली निगम के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
सेमरहना, सुगही, सरौली और कोल्हुआ सहित आसपास के कई गांवों में बिजली बाधित है। बिजली नहीं होने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। शाम होते ही गांवों में अंधेरा छा जाता है। बारिश के मौसम में अंधेरे के कारण ग्रामीणों को सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीव-जंतुओं का भय भी सता रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है। इससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। प्रेमनारायण दुबे, रणजीत सिंह, नन्हें दुबे, अमित जायसवाल और ओमप्रकाश कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आपूर्ति शीघ्र बहाल करने की मांग की।