बांसी। कस्बे से सटे सियरापार में शनिवार दोपहर युवती की लाश मिलने के मामले में कोतवाली पुलिस उसके पति के तलाश में जुट गई है। युवती के भाई ने आरोप लगाया कि 23 वर्षीय गुड़िया का शव बांसी कोतवाली के लहरा ग्राम निवासी उसका पति शकील सियरापार में एक बंद मकान के बरामदे में छोड़कर भाग गया था। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया था। शव का पोस्टमार्टम शनिवार को विलंब होने के कारण रविवार को हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट कोतवाली में रविवार देर शाम नहीं पहुंच पाई थी।
ग्राम केशवार थाना खेसरहा निवासी बिस्मिल्लाह की पुत्री गुड़िया का विवाह तीन वर्ष पूर्व वर्ष 2023 में बांसी कोतवाली क्षेत्र के लहरा गांव निवासी शकील के साथ हुआ था और इन दोनों के एक दो वर्ष का बेटा है। शनिवार की दोपहर में सियरापार में गुड़िया का शव बिस्तर से लिपटा हुआ मिला था। कुछ लोगों का कहना है कि गुड़िया बीमार थी, जिसका इलाज चल रहा था। उसकी मृत्यु के बाद उसका पति शव सियरापार में छोड़कर चला गया है। इस मामले में कोतवाल मृत्युंजय पाठक ने बताया कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। मृतका के पति की तलाश की जा रही है।