सिद्धार्थनगर। छठ महापर्व के दौरान घाटों पर भीड़ के बीच परिवार से बिछड़े 30 बच्चों को पुलिस ने सकुशल उनके परिजन से मिलाया। शनिवार शाम और रविवार सुबह अलग-अलग घाटों पर बनाए गए खोया-पाया केंद्रों की मदद से बच्चों को तलाशकर परिवार के सुपुर्द किया गया। बच्चों के मिलने पर परिजन ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन
जिले की दो नगर पालिका और नौ नगर पंचायतों में छठ पूजा के आयोजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। घाटों पर भीड़ को देखते हुए पुलिस टीमों को बच्चों के खोने और बिछड़ने की स्थिति में तत्काल मदद करने के निर्देश दिए गए थे।
इस दौरान परिवार से बिछड़े बच्चों को पुलिसकर्मी तलाशकर खोया-पाया केंद्र पर पहुंचाते रहे। इसके बाद लाउडस्पीकर से सूचना प्रसारित कर उनके परिजन को बुलाया गया। पहचान की पुष्टि के बाद सभी 30 बच्चों को सकुशल उनके परिवारों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों के वापस मिलने पर परिजन ने खुशी जताई।