भनवापुर क्षेत्र के पीएचसी बिजौरा में मरीज का बीपी मापते डॉ. ईश देव आर्या। संवाद
भनवापुर। ब्लाॅक क्षेत्र के पीएचसी तरहर, बिजौरा व सोहना में रविवार को जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में खांसी व गले में खराश, एसिडिटी, फंगल इंफेक्शन, जोड़ों में दर्द, त्वचा रोग आदि के कुल 144 मरीजों का इलाज कर निशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। सीने में दर्द व हड्डी से संबंधित मरीजों को उच्च स्वास्थ्य केंद्र के लिए संदर्भित किया गया।
अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने बताया कि डायरिया तथा निमोनिया पांच साल तक के बच्चों में जानलेवा बीमारी है, वर्तमान समय में बच्चों को डायरिया से बचाने के लिए रोटा वायरस वैक्सीन (आरआरवी) तथा निमोनिया से बचाने के लिए न्यूमोकोकल कंज्यगेट वैक्सीन (पीसीवी) उपलब्ध है। यह वैक्सीन बच्चों को छह सप्ताह से एक वर्ष तक की उम्र में क्षेत्रीय एएनएम के द्वारा गांव में लगवाया जाता है।
आरोग्य स्वास्थ्य मेला में बुखार के बढ़े मरीज: बिस्कोहर। कस्बा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को जन आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। इसमें बुखार के साथ हल्की खांसी, सर्दी-जुकाम व त्वचा संबंधी मरीजों की संख्या अधिक रही। दोपहर तक स्वास्थ्य मेला में 144 मरीजों की जांच कर दवा दी गई। डाॅ. एससी शर्मा ने बताया कि इस समय पड़ रही हल्की ठंड से बुखार व सर्दी जुकाम खांसी अधिक होते हैं।
वायरल फीवर की बढ़ने लगी संख्या : डुमरियागंज। नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आयोजित जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला में उपचार के लिए आए 16 मरीजों में से 10 मरीज वायरल फीवर और जुकाम से पीड़ित रहे। इनकी चिकित्सकों ने जांच कर उन्हें दवा दी।