शहर के आजाद नगर में सड़क थोड़ी सी ऊपर ही लटक रहा बिजली का तार। संवाद
सिद्धार्थनगर। पहले से ही जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने से दुश्वारियां झेल रहे शहर के आजादनगर वार्ड के आखिरी छोर पर स्थित मोहल्ले के लोगों की बरसात में सांसत और भी बढ़ गई है। सड़क बदहाल, संकरी सड़क के बगल में खुला नाला और लटकते तार हादसे का खतरा बढ़ा रहे हैं लेकिन जिम्मेदार चुप्पी साधे हुए हैं।
पहले मोहल्ले में जाने वाली इंटरलॉकिंग सड़क खोदकर वाटर सप्लाई की पाइल लाइन डाला गया था। खोदने के बाद इंटरलॉकिंग दुरुस्त नहीं कराई गई, जिससे बारिश होते ही सड़क पर पसरे कीचड़ के बीच से होकर लोगों को गुजरना पड़ रहा है।
यही नहीं संकरी सड़क किनारे एकत्रित गंदा पानी और सड़क के क्राॅसिंग पर नाले के क्षतिग्रस्त ढक्कन से हर समय चोटिल होने का खतरा रहता है। वहीं, सड़क पर उगी बड़ी-बड़ी घास से रात के अंधेरे में जहरीले कीड़ों का भी खतरा रहता है। इससे लोग शाम के बाद घर से निकलने से भी कतराते हैं।
आजादनगर मुहल्ले में रहने वाले एडवोकेट राकेश सिंह, शिक्षक वेदप्रकाश पांडेय, विश्वबंधु दुबे, रामप्रसाद लोधी, अधिवक्ता विपिन तिवारी, मो. नवी, सद्दाम खान, रिजवान ने आवागमन में हो रही दुश्वारियों की शिकायत नगर पालिका से लेकर जिलाधिकारी तक से करते हुए निजात दिलाने की मांग की लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। अब भी समस्या से जूझने को मजबूर हैं।