बढ़नी। मौसम में हो रहे लगातार बदलाव से लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। दिन में तेज धूप और रात में ठंडी हवा के कारण तापमान में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
यही वजह है कि लोग मौसम की मार का शिकार हो रहे हैं। सर्दी-जुकाम, बुखार, खांसी, एलर्जी और वायरल संक्रमण जैसी बीमारियों के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी के ओपीडी के आंकड़ों पर गौर करें तो यहां नियमित 200 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक है।
डॉक्टरों का कहना है कि बदलते मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे वायरस और बैक्टीरिया जल्दी असर करते हैं। बढ़नी निवासी रामप्रसाद गुप्ता ने बताया कि हर घर में कोई न कोई सर्दी या बुखार से परेशान है। बच्चों को स्कूल भेजने में भी डर लग रहा है।
वहीं, गृहिणी सीमा देवी ने कहा कि सुबह-शाम ठंड और दिन में गर्मी से बच्चों को बार-बार खांसी-जुकाम हो रहा है। अस्पताल आने वाले क्षेत्र के मुन्नू, अकबर अली, धनंजय, विकास ने नगर पंचायत से मांग की कि फॉगिंग कराई जाए और गलियों व नालियों की सफाई नियमित रूप से की जाए ताकि मच्छर जनित बीमारियों से बचाव हो सके।
डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि इस समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा लोगों को ठंडे पेय पदार्थों से परहेज करना चाहिए। गुनगुना पानी पीना चाहिए और शरीर को ढककर रखना चाहिए। खानपान में फल, सब्जियों और प्रोटीन युक्त भोजन शामिल करना चाहिए ताकि प्रतिरोधक क्षमता बनी रहे।ी