सिद्धार्थनगर। रोडवेज बस में यात्रा कर रहे यात्री अब अपने साथ 20 किलो तक का सामान निशुल्क ले जा सकते हैं। पार्सल का भार 20 किलो से अधिक होने पर उसकी बुकिंग करानी होगी। बस में बिना बुकिंग सामान पाए जाने पर चालक और परिचालक पर कार्रवाई भी की जाएगी।
डिपो में वर्तमान समय में 60 बसें हैं। इसमें 30 से अधिक बस गोरखपुर, लखनऊ, दिल्ली, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी व अयोध्या के रूट पर चलाई जातीं हैं। इन सभी प्रमुख शहरों से यात्री बड़े-बड़े शहरों की यात्रा करते हैं।
ऐसे में कई बार यात्रियों की मनमानी से अन्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इन सभी असुविधाओं से छुटकारा दिलाने के लिए परिवहन निगम यात्रियों को सामान ले जाने के लिए बुकिंग की सुविधा दी है। इस सुविधा से यात्रियों को रोडवेज की बस में यात्रा करने पर परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा जबकि यात्रियों को 20 किलो तक सामान ले जाने की सुविधा मिलेगी।
एआरएम विजय कुमार गंगवार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए बुकिंग की व्यवस्था दी गई है। इससे यात्रियों को अपना सामान ले जाने के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।