जलाभिषेक शांतिपूर्ण संपन्न कराने पर जोर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
सिद्धार्थनगर। स्थानीय थाना परिसर में बुधवार को थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रावण मास के दौरान शिव मंदिरों में होने वाले जलाभिषेक कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ चर्चा की गई।
थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा ने कहा कि श्रावण मास में विभिन्न शिवालयों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें और धार्मिक आयोजनों को आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराएं। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, माहौल खराब करने अथवा अराजकता फैलाने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे श्रावण मास में संवेदनशील स्थलों और प्रमुख शिवालयों पर विशेष निगरानी रखेगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में देवराज शुक्ला, अंकित पांडेय, अशोक सिंह, सत्यप्रकाश पांडेय, गोपाल पाठक, हाजी सैलाब हुसैन सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।