: विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर जन आरोग्य मेले का हुआ आयोजन, स्वच्छ पानी और ताजा भोजन करने की मरीजों को दी गई सलाह
तीन दिन की बारिश के बाद स्वास्थ्य केंद्रों पर बढ़ी मरीजों की संख्या - जांच के बाद दी गई दवा, मौसम से बचाव की दी सलाह
सिद्धार्थनगर। लगातार तीन दिन हुई बारिश के बाद रविवार को जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में मरीजों की भीड़ रही। अधिकतर मरीज बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी और सिरदर्द की शिकायत लेकर पहुंचे। इनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल रहे।
स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों ने मरीजों से बीमारी की अवधि और लक्षणों की जानकारी लेने के बाद स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद आवश्यक दवाएं दी गईं। बारिश के मौसम में संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए साफ पानी पीने, ताजा भोजन करने और भीगने से बचने की सलाह दी गई।
कुछ स्वास्थ्य केंद्रों पर त्वचा रोग, उल्टी-दस्त, पेट दर्द, बदन दर्द और चक्कर आने की शिकायत वाले मरीज भी पहुंचे। हाई ब्लड प्रेशर और अन्य गंभीर समस्या वाले मरीजों को बेहतर जांच और उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्र पर जाने की सलाह दी गई।
अकरहरा, भुतहवा और मोहनकोला में 51 मरीज पहुंचे
ढेबरुआ। बढ़नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत अकरहरा, भुतहवा और मोहनकोला स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। तीनों केंद्रों पर कुल 51 मरीज पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें आवश्यक दवाएं दीं। अकरहरा स्वास्थ्य केंद्र पर 20, भुतहवा में 18 और मोहनकोला में 13 मरीजों का उपचार किया गया। मरीजों में वायरल बुखार, त्वचा रोग, कमर और पेट दर्द, उल्टी-दस्त तथा चक्कर आने की शिकायतें अधिक रहीं। बढ़नी पीएचसी के अधीक्षक अविनाश चौधरी ने बताया कि मेले में पहुंचे सभी मरीजों की चिकित्सकों ने जांच की और आवश्यक उपचार दिया।
22 मरीज पहुंचे, बुखार-जुकाम की शिकायत अधिक
डुमरियागंज। नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेले में 22 मरीज पहुंचे। इनमें बुखार और जुकाम के मरीज अधिक रहे। कुछ मरीजों ने उल्टी-दस्त और बदन दर्द की शिकायत भी की। चिकित्सकों ने जांच के बाद मरीजों को दवाएं दीं। साथ ही बारिश के मौसम में खान-पान और दिनचर्या को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई। इस दौरान डॉ. राम किशोर प्रजापति, डॉ. जबीउल्लाह, फार्मासिस्ट पवन श्रीवास्तव, एलटी आशीष कुमार और वार्ड बॉय इरशाद मौजूद रहे।
बिस्कोहर और कोहड़ौरा में 66 मरीजों का उपचार
बिस्कोहर। बिस्कोहर और कोहड़ौरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। दोपहर तीन बजे तक दोनों केंद्रों पर कुल 66 मरीजों का उपचार किया गया। बिस्कोहर में 37 मरीज पहुंचे। इनमें 27 मरीज सर्दी-जुकाम, बुखार, खांसी और सिरदर्द से पीड़ित थे। छह मरीज त्वचा रोग और चार अन्य बीमारियों से पीड़ित मिले। डॉ. एहतेशाम अहमद ने मरीजों की जांच कर निशुल्क दवाएं दीं। कोहड़ौरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 29 मरीजों का उपचार हुआ। इनमें सात सर्दी-बुखार, 12 त्वचा रोग और 10 अन्य बीमारी से पीड़ित मिले। डॉ. राहुल कुमार ने मरीजों की जांच कर दवाएं दीं। फार्मासिस्ट त्रिशूल धर चतुर्वेदी, राजू समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
महदेवा बाजार में 25 मरीजों की जांच
महदेवा बाजार। नौगढ़ ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेवा बाजार में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। डॉ. कुशल शुक्ल ने 25 मरीजों की जांच की। इनमें 16 मरीज सर्दी-बुखार और नौ खाज-खुजली से पीड़ित मिले। सभी मरीजों को आवश्यक दवाएं दी गईं। चिकित्सक ने ताजा भोजन और स्वच्छ पानी का सेवन करने तथा बारिश के मौसम में साफ-सफाई का ध्यान रखने की सलाह दी।
23 मरीज पहुंचे, बुखार-खांसी की शिकायत
पकड़ी बाजार। जोगिया ब्लॉक के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पकड़ी लालपुर में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। डॉ. पुनीत कुमार श्रीवास्तव ने 23 मरीजों की जांच कर उन्हें दवाएं दीं। मेले में बीपी, पेट दर्द, सांस फूलने, बुखार और खांसी की शिकायत वाले मरीज पहुंचे। चिकित्सक ने मरीजों से बीमारी के लक्षण और कितने दिनों से समस्या है, इसकी जानकारी लेने के बाद उपचार किया। साथ ही बारिश के मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी।