-28 मार्च को प्रकाशित होगा अंतिम मतदाता सूची
सिद्धार्थनगर। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को चल रहे मतदाता पुनरीक्षण अभियान की समय सीमा बढ़ा दी गई है। अब दावे और आपत्ति सात जनवरी से 20 फरवरी 2026 तक ली जाएगी। निस्तारण समेत अन्य कार्यवाही 27 मार्च तक चलेगी। 28 मार्च को जिला निर्वाचन विभाग अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन करेगा। पहले छह जनवरी को अंतिम सूची प्रकाशित की जानी थी।
यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) शिवशरणप्पा जीएन ने दी है। उन्होंने बताया कि 21 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक दावे, आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत पूरक सूचियों की कम्प्यूटरीकरण की तैयारी और उन्हें मूल सूची में यथा स्थान समाहित करने एवं यथा आवश्यक मतदान केंद्रों व स्थलों के निर्धारण की कार्रवाई होगी। 17 मार्च से 27 मार्च 2026 तक मतदाता सूचियों की कम्प्यूटरीकरण के बाद मतदान केंद्र एवं स्थलों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग, फोटो प्रतियों कराने आदि का काम होगा। निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे तथा निर्धारित समय सारिणी के अनुसार निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण कराया जाएगा। किसी भी परिस्थिति में समय सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी।