भनवापुर क्षेत्र के धनोहरी में बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत विज्ञप्ति
भनवापुर। ब्लाॅक क्षेत्र के धनोहरी के ग्रामीणों ने शुक्रवार को बिजली निगम की नई 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन लगाने पर विरोध जताया है। लोगों का कहना है कि इससे हादसे होंगे। उन्हाेंने इसे आबादी से दूर लगाने की मांग की है।
क्षेत्र के धनोहरी के ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगभग 30 वर्षों से पुरानी बिजली लाइन सुरक्षित रूप से संचालित हो रही है। इससे किसी प्रकार की जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। हाल ही में बिजली निगम ने कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से नया पोल लगाकर 11 हजार वोल्ट की सप्लाई उनके घरों की छतों के बेहद करीब तार खींचकर देने का प्रयास किया। ग्रामीणों का कहना है कि इससे बच्चों और परिवारों के लिए गंभीर सुरक्षा खतरा पैदा हो गया है।
ग्रामीणों ने जिला और तहसील प्रशासन को आवेदन भेजकर पुरानी लाइन को चालू रखने और नई लाइन बिना किसी सर्वेक्षण के चालू न करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। समस्त ग्रामवासी प्रशासन से न्याय की अपील कर रहे हैं। उम्मीद जताई है कि उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि नई लाइन उनके घरों के पास से खींची गई तो इससे भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना का खतरा बढ़ सकता है। इस दौरान बाल गोविंद यादव, जगदेव, शिवधन, अनिल कुमार गुप्ता, सहजराम, जग प्रसाद, राम सजीवन, शिवकुमार, चंद्र प्रकाश, जगराम, राजू मिश्र, बनवारी आदि मौजूद रहे।
इस संबंध में तहसीलदार डुमरियागंज रवि कुमार यादव ने कहा कि आबादी से दूर होना चाहिए। मैं बिजली निगम के संबंधित अधिकारी से बात कर रहा हूं।ि