- 15 सितंबर तक कराया जा सकता है नामांकन, छठी से 12वीं तक के विद्यार्थी हो सकते हैं शामिल
तुलसियापुर। बच्चों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित करने उद्देश्य से इंस्पायर अवॉर्ड योजना के लिए ऑनलाइन नामांकन शुरू हो गया है। नामांकन की अंतिम तिथि 15 सितंबर तय की गई है। विभाग के अनुसार कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थी इसमें शामिल हो सकते हैं।
योजना के तहत विद्यालय अधिकतम पांच श्रेष्ठ और मौलिक विचारों का नामांकन कर सकते हैं। चयनित विद्यार्थियों को अपने विचारों का मॉडल तैयार कर जिला स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान से जुड़े अपने मौलिक वैज्ञानिक विचार और नवाचार प्रोजेक्ट के रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रोजेक्ट मंडल, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचेंगे।
डीआईओएस अरुण कुमार ने विद्यालयों को निर्देशित किया है कि अधिक से अधिक बच्चों को योजना में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया जाए ताकि उनकी प्रतिभा और नए विचारों को बेहतर मंच मिल सके।