बढ़नी। रेलवे स्टेशन का मंडल रेल प्रबंधक ने वरिष्ठ मंडल रेल परिचालन प्रबंधक के साथ बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने गोरखपुर-गोंडा रेल खंड के बढ़नी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर अमृत भारत के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान एक रेलवे कैंटीन के रेट बोर्ड पर आपत्ति जताते हुए वाणिज्य निरीक्षक को फटकार लगाई।
रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर भवन के सौंदर्यीकरण, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण व विस्तारीकरण कार्यों के साथ कार्य की प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कार्य पूर्ण हो जाने के बाद सभी कार्यों की समीक्षा और निरीक्षण करने और कमी होने पर संबंधित फर्म पर आवश्यक कार्रवाई की बात कही।
इस दौरान पवन यादव, चंदा लाल, शंभू त्रिपाठी के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर चंपारण हम सफर एक्सप्रेस 15705 और अंत्योदय एक्सप्रेस 22922 के स्टॉपेज और बढ़नी से अमृतसर के लिए नई ट्रेन चलाने को लेकर ज्ञापन दिया। इस पर उन्होंने कहा कि इस ज्ञापन को रेल मंत्रालय को भेजा जाएगा। रेल मंत्रालय का निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत बढ़नी से कल्लन डिहवा वार्ड नंबर सात में जाने वाले मुख्य सड़क को नगर पंचायत की ओर से बनवाने पर मौखिक सहमति भी दी।
इस दौरान प्रसन्न कात्यान, शिल्पी कनौजिया, एके सुमन, अनुकूल श्रीवास्तव, शिवम सिंह चौहान, मनोज सोनकर, भावेश कुमार, सुनील यादव मौजूद रहे।र